चौडगरा। पहुर गांव में ठाकुरद्वारा से भगवान कृष्ण की मूर्ति चोरी के मामले में नया मोड़ आ गया है। मालिकाना हक की लड़ाई लड़ रहे दूसरे पक्ष ने सर्वराकार पर मूर्ति चोरी कराने का आरोप लगाया है। इसकी तहरीर भी थाने में दी है। पुलिस मामला सुलझाने में तेजी से लगी है।
मूर्ति चोरी के मामले में सर्वराकार चंद्रहास दुबे ने पुलिस को घटना की तहरीर दी थी, लेकिन दूसरे दिन शनिवार को दूसरे पक्ष से मनीष मिश्रा ने भी तहरीर देकर पहले पक्ष पर मूर्ति साजिश के तहत चोरी कराने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों तहरीर पर जांच कर रही है। मंदिर से लगी पंद्रह बीघे जमीन पर दोनों पक्षों में मालिकाना हक की लड़ाई अदालत में चल रही है। दोनों के अलावा पुलिस तीसरे बिंदु पर भी अपनी जांच कर रही है। पुलिस को घटना में साजिश भी लग रही है। पुलिस का मानना है कि मूर्ति गांव में ही कहीं छिपा कर रखी गई है। इससे पहले भी 2004 में राधा जी की मूर्ति चोरी में भी गांव के ही दो लोगों को नामजद किया गया था और मूर्ति बरामद की थी। थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल
चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बिंदकी चौडगरा रोड पर बिसनामऊ गांव के पास शनिवार की रात एक बाइक में सवार तीन लोगों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दीपक, सुल्तान, अंकुर निवासी विराटनगर कानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए पीएचसी गोपालगंज में भर्ती कराया था। गंभीर हालत में तीनों घायल सदर अस्पताल रेफर हुए थे। बाइक सवार बिंदकी से कानपुर अपने घर जा रहे थे। संवाद