फतेहपुर। कोरोना के खतरे से अवाम को बचाने के लिए सरकार हर जतन कर रही है। कोरोना वार्ड की व्यवस्था के बाद अब इस वायरस के संक्रमण से प्रभावित लोगों का अलग काउंटर से रजिस्ट्रेशन और ओपीडी सेवा देने का जिम्मा विभाग को सौंपा गया। खासकर उन जिलों को चौकन्ना रहने को कहा, जहां पर एयरपोर्ट हैं या फिर बार्डर से वास्ता है।
यह बातें मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग में कहीं। मुख्य सचिव ने एक एक जिले की समीक्षा लेते हुए कोरोना के प्रति एहितयात बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने हर जिला अस्पताल पर कोरोना वार्ड की मानिंद रजिस्टे्रशन कक्ष, बाह्यरोगी विभाग और स्टाफ मुहैया कराए जाने की बात कही। उन्होंने कोरोना के बचाव के हर संभव प्रयास के साथ अप्रवासियों को पूरी तरह से वॉच करने को कहा। महामारी विज्ञानी डॉ. अब्दुल्ला ने बताया कि सदर अस्पताल में कोरोना वार्ड की तरह अलग से व्यवस्था कर दी गई है। ओपीडी, पंजीयन और स्टाफ नियुक्त जा चुका है। वीडियो कांफें्रसिंग में सीएमओ डॉ. उमाकांत पांडेय, एडीएम पप्पू गुप्ता, एएसडीएम आशीष कुमार भी मौजूद रहे।