चौडगरा। जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के पचास प्राइमरी विद्यालयों को लेकर प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। साथ ही नशामुक्ति के लिए अभियान चलाया जाएगा। यह बातें प्रदेश सरकार में कारागार राज्यमंत्री जयकुमार जैकी ने कही।
वह मलवां विकासखंड के पहुर गांव में पूर्व प्रधान राम सिंह परिहार के घर पहुंचे थे। यहां प्रेस वर्ता में उन्होंने बताया कि जहानाबाद में 19 से 21 मार्च तक किसान मेला लगेगा। किसान से जुड़ी प्रदर्शनी लगेगी। उन्होंने बताया कि मेले में एक लाख लोगों की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि शहरों के प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर परिषदीय के पचास विद्यालयों को गोद लेकर अत्याधुनिक सुविधाओं से उसे लैस करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ रही नशाखोरी पर चिंता जताते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि अभियान चलाकर नशामुक्ति का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने गांवों में खेल के मैदान, मंदिरों से अवैध कब्जे हटवाने की बात कही। इस अवसर पर चौडगरा कार्यालय प्रभारी प्रतापभान सिंह, सुरेंद्र सिंह गौतम, संतोष शास्त्री, अंगद तिवारी, नरेंद्र सिंह गौतम आदि लोग मौजूद रहे।