बिंदकी। बसपा शासन में वजूद में आए बिंदकी बाईपास का निर्माण अब पूरा होने की उम्मीद की जा सकती है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा का दावा है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने मुलाकात के बाद इस प्रोजेक्ट में दिलचस्पी ली है। पीडब्लूडी को अविलंब लंबित काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आठ करोड़ की लागत वाले इस बाईपास का निर्माण वर्ष 2011 में शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी को इसे वर्ष 2012 में पूरा कर देना था। निर्माण कार्य तो तेज हुआ लेकिन चंद फर्लांग के दायरे की जमीन के चलते इस पर अभी तक वाहन फर्राटा नहीं भर पा रहे हैं। बाईपास के लंबित निर्माण के मामले में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा ने बुधवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर उन्हें नगर में जाम की समस्या बताई। यह भी बताया कि यह बाईपास नगर, कानपुर और बुंदेलखंड को जोड़ने का भी काम करता है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने बताया कि डिप्टी सीएम ने कुछ दूरी पर होने वाले काम को पूरा कराने के लिए लोक निर्माण विभाग के नाम चिट्ठी जारी करा दी है।