थरियांव (फतेहपुर)। परिजनों से विवाद के बाद घर से निकली युवती ने रविवार दोपहर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों का कहना है कि दिमागी हालत ठीक न होने से ऐसा हुआ है।
थरियांव थाना क्षेत्र के छोटी टेक्सारी खुर्द निवासी श्यामू लोधी ने बताया कि बेटी सीमा (19) सीमा दस साल की थी, तभी उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा था। उसे झाड़ फूंक करवाते थे। डाक्टर को भी दिखाया था। तीन माह से सुधार आने लगा था। तभी 17 मई को नरवा गांव कोतवाली खागा में शादी तय की थी। सुबह घर में सीमा के साथ पत्नी माया देवी, छोटा बेटा अखिलेश, बेटियां सुनीता, काजल, आंचल थी। वह कपड़ों की फेरी करने चला गया था। सुबह सीमा का अचानक दिमागी संतुलन बिगड़ गया। वह मां और बच्चों से मारपीट करने लगी। उसके बाद घर से बाहर निकल गई। मां ने कुछ देर बाद खोजबीन चालू की। इस बीच ग्रामीणों से रसूलाबाद स्टेशन के पास बेटी का शव मिलने की जानकारी हुई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर थरियांव थानेदार विनोद कुमार, हल्का इंचार्ज उपदेश कुमार पहुंचे। थानेदार ने बताया कि युवती ने आत्महत्या की है। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की गई है।