फतेहपुर। राजस्व विभाग और नगर पालिका की टीम ने शहर के अरबपुर घोसियाना के अवैध चट्टे ध्वस्त कर दिए। रविवार को सुबह एसडीएम सदर प्रमोद झा के निर्देश पर नायब तहसीलदार विकास पांडेय के नेतृत्व में जेसीबी के साथ पहुंची टीम को देखकर चट्टा मालिकों में हड़कंप मच गया। जेसीबी से चट्टे में लगी टीन शेड़ तोड़ दी गई। चट्टा मालिकों ने बांस बल्लियां समेट कर विवादित स्थल हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
अरबपुर घोसियाना की आबादी के मध्य तालाबी जमीन पर अरसे से पशुओं के चट्टे संचालित हो रहे थे। डेढ़ साल पहल प्रशासन ने चट्टे हटाने की कोशिश की थी, लेकिन कोर्ट का स्थगन आदेश होने के कारण टीम को लौटना पड़ा था। जबकि आबादी के मध्य अन्य मोहल्लों में स्थित चट्टे टीम ने नष्ट कर दिया था। भेदभाव का आरोप लगने पर राजस्व विभाग ने हाईकोर्ट में पैरवी कर स्थगन आदेश रद्द कराया। स्थगन आदेश की वैधता तीन जनवरी खत्म होने के बाद रविवार की सुबह अरबपुर घोसियाना में जा पहुंची। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक चले अभियान में तालाबी जमीन का अतिक्रमण पूरी तरह से ध्वस्त करा दिया गया।
नायब तहसीलदार ने चेतावनी दी कि अब दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पशुपालक चट्टे आबादी के बाहर बनाएं। आबादी के मध्य चट्टे संचालन पर रोक है। गंदगी के चलते बीमारियां फैलने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। टीम में नाएब तहसीलदार डॉ. संतराज, महेंद्र, ओमप्रकाश और राकेश श्रीवास्तव आदि कर्मचारी मौजूद रहे।