फतेहपुर। ई-व्यापार के चलते खुदरा व्यापार करने वाले मंदी के दौर से गुजर रहे हैं। ग्राहक की आवक तेजी से घट रही है। ई-कामर्स कंपनियां तेजी से अपना कारोबार फैलाती जा रही हैं। इनके खिलाफ व्यापारी समाज को एकजुट हो रहे हैं। कानपुर के फूलबाग से 15 दिसंबर से व्यापारी बचाओ रथ यात्रा निकाली जाएगी।
बिंदकी बस स्टाप के समीप जिला उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष फरहत अली सिद्दीकी के कार्यालय में मीडिया से मुखातिब राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्त ने यह बातें कहीं। उन्होंने ऑनलाइन व्यापार कंपनियों की मौजूदगी से खुदरा व्यापार में आ रही दिक्कतों को सिलसिलेवार रखा। कहा कि अगर अभी नहीं चेता गया तो आने वाले समय में यह असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी घातक होंगी।
उन्होंने देश के सात करोड़ खुदरा व्यापारियों का जिक्र किया। बताया कि परिवारीजन और व्यापार के कारीगर को मिला दिया जाए तो यह संख्या 35 करोड़ होती है। खुलासा किया कि यह रथ यात्रा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। जहां रामलीला मैदान में व्यापारी अपनी अपनी मौजूदगी का अहसास दिलाएंगे। प्रेसवार्ता के दौरान उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे, जिला वितरक संघ अध्यक्ष प्रदीप गर्ग, मनोज घायल, नरेंदर सिंह रिक्की भी मौजूद रहे।