फतेहपुर। मौसम की पहली बारिश ने बिजली व्यवस्था को और बदहाल कर दिया। कई जगह 33 और 11 हजार वोल्ट की लाइनों में फाल्ट हुआ। भिटौरा ब्लाक के करमचंदपुर साड़ा में उपकेंद्र की ओसीबी मशीनें फुंक गईं। बारिश संग चली तेज हवाओं से जगह-जगह ब्रेकडाउन हुए। बिजली के कारण इंसुलेटर पंचर हुए। गुरुवार रात बिजली की लुकाछिपी जारी रही। यही हाल शुक्रवार को भी रहा। बिजली की आवाजाही से पानी का संकट भी हुआ।
मानसून की करवट की जद में शहर का आबूनगर उपकेंद्र ज्यादा रहा। यहां के दो फीडर पूरी रात ठप रहे। सुबह भी हालात न बदल सके। सुबह नौ बजे चंद पल रुकने के बाद गुल हुई बिजली दोपहर एक बजे आई। दोपहर तीन बजे के बाद फिर से आवाजाही का सिलसिला चला। बिजली के इस रवैये से पानी की भी समस्या खड़ी हो गई।
हालात यह बन गए कि छत पर रखीं पानी की टंकियां खाली हो गईं। तमाम कामकाजी लोगों को दिक्कत हुई। शादीपुर और अस्ती फीडर में आई खराबी के चलते इनवर्टर जवाब दे गए। जेई अभिनव मौर्या ने बताया कि नासिरपीर रोड स्थित एक मैरिज गार्डेन के सामने लाइन से पेड़ टकरा रहा था। शाम को मौसम खराब होने के नाते
लाइन पर काम कराना मुनासिब नहीं था। मौसम साफ होने पर कटाई का काम हुआ तो अस्ती में तार टूट जाने से दोपहर आपूर्ति को फिर से बंद करना पड़ा है। आबूनगर उपकेंद्र के शादीपुर फीडर और अस्ती फीडर की 11 हजार की लाइन एक ही पोल से गई है। ऐसे में अगर एक फीडर मेें खराबी आती है तो दूसरा फीडर भी प्रभावित हो जाता है। गुरुवार की आधी रात शादीपुर को अंधेरे में डूबने वाले शादीपुर इलाके में नासिरपीर रोड पर लाइन टच करने वाले पेड़ की छंटाई कर आपूर्ति की बाधा खत्म कर दी गई, लेकिन अस्ती में खराबी आ जाने से इस फीडर की भी बिजली को ब्रेक लग गया।
बारिश की वजह से बिजली की लाइन प्रभावित हुई है। जिले में 216 फीडर संचालित हो रहे हैं। ब्रेक डाउन की समस्या पैदा हुई। हालांकि आसमान के थोड़ा सा भी साथ देने पर हमारी टीम फील्ड पर उतर गई। जिसकी वजह से कई क्षेत्रों में आपूर्ति चालू हुई, जो बचे हैं वहां भी जल्द हो जाएगी। - आनंद प्रकाश शुक्ला, अधीक्षण अभियंता