फतेहपुर। शहर के बेरुईहार गांव में प्रधानमंत्री आवास के नाम पर आवेदकों से वसूली की शिकायत की जांच करने राजस्व टीम पहुंची। दो दिन पूर्व यहां के लोगों ने जिलाधिकारी से मिलकर स्थानीय लेखपाल के कमीशन मांगने की शिकायत की थी। जिसमें डीएम ने जांच के आदेश दिए थे।
बेरुईहार के लोगो ने डीएम संजीव सिंह से मिलकर बताया था कि उनके क्षेत्रीय लेखपाल रमेश पटेल पीएम आवास के आवेदकों की जांच में पैसा मांग रहे हैं। इस शिकायत की जांच के लिए डीएम के निर्देश पर गुरुवार को नायब तहसीलदार विकास पांडेय राजस्व टीम और डूडा कर्मचारियों के साथ बेरुईहार पहुंचे। यहां उन्होंने सभी 62 आवेदकों के मकानों का भौतिक सत्यापन किया। नायब तहसीलदार विकास पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान भी कई लोगों ने लेखपाल की शिकायत की है। जिसकी जांच रिपोर्ट दो दिन में तैयार करके जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।