फतेहपुर। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
बता दें कि बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भविष्य निधि की जिम्मेदारी सरकार को देना चाहते हैं। उनकी जो धनराशि ट्रस्ट में लगाई गई है, उस पर सरकार का भरोसा चाहते हैं। अध्यक्ष नरेंद्रनाथ ने कहा कि अधिकारी व
कर्मचारियों के वेतन से हर महीने 10 प्रतिशत व उससे अधिक की कटौती कर धन भविष्य निधि में जमा किया जाता है। 25 से 30 साल तक वेतन की कटौती से इकठ्ठा हुई धनराशि का उपयोग कर्मचारी अपने बच्चों को उच्च शिक्षा, शादी-विवाह और सेवानिवृत्त के बाद जीविकोपार्जन में करते हैं। अधिकारी, कर्मचारी इसी पर निर्भर रहते हैं।
भविष्य निधि में करोड़ों रुपये का घपला हुआ है। इससे अधिकारी-कर्मचारी दोनों सशंकित हैं। इस मौके पर अवर अभियंता प्रमोद कुमार, रवि कुमार, मुकेश गौतम, चंद्रभूषण, अविनाश यादव जितेंद्र मौर्य, हरिकेश आदि मौजूद रहे।