बकेवर। विद्युत उपकेंद्र बकेवर में जलभराव के चलते चार दिन से इलाके में बिजली आपूर्ति बंद है। जलभराव की इस समस्या से यह उपकेंद्र दो दशक से ग्रसित है और लोग जब भी पानी भर जाता है तो बिजली से वंचित हो जाते हैं। इलाकाई लोगों का कहना है कि सांसद, विधायक सभी को यह जानकारी दी जा चुकी है लेकिन निस्तारण नहीं हो रहा।
बता दें कि इस विद्युत उपकेंद्र से चार फीडर और करीब डेढ़ सौ गांव को बिजली नसीब होती है। करीब दो दशक से यहां जलभराव की समस्या है। इस केंद्र से पधारा फीडर, खजुहा फीडर, देवमई फीडर व जहानाबाद फीडर को आपूर्ति दी जाती है। लगातार बारिश के चलते चार दिन बाद भी जल निकासी नहीं हो पाई और बिजली बंद है। शंकर नगर निवासी देशराज पाल ने बताया कि बिजली न मिलने से आज के युग में सबसे बड़ी समस्या पानी,
बच्चों की शिक्षा की है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। कंशमीरी निवासी प्रकाश सिंह यादव ने बताया की बिजली के बिना सभी कार्य अधूरे जैसे महसूस होते हैं खासकर पढ़ने वाले बच्चों के लिए सबसे अधिक समस्या है। इस समस्या का निदान जल्द से जल्द होना चाहिए। दुबेपुर निवासी विनोद वर्मा ने बताया कि बिजली न मिलने
से ऐसा लगता है की हम लोग 21वीं सदी नहीं 18 वीं सदी की ओर जा रहे हैं। गांव नामामऊ के पूर्व प्रधान साधु यादव ने बताया की लाइट न मिलने से पूरे गांव पर अंधेरा छाया रहता है। जानवर परेशान करते हैं और किसी अनहोनी की शंका बनी रहती है।
एसडीओ वैभव आनंद का कहना है कि जलभराव की वजह से विद्युत आपूर्ति चालू करने में बाधा है। ऐसे में कर्मचारियों की जान जोखिम में डालकर काम नहीं कराया जा सकता।