घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को एक बार फिर अपना आधार कार्ड बैंक खाते से लिंकअप कराने का मौका मिल गया है। 30 जून तक खाता लिंकअप कराने वाले उपभोक्ताओं को तीन महीने की सब्सिडी मिलेगी। जिले में अभी भी साढ़े तीन हजार उपभोक्ताओं के खाते लिंकअप नहीं हैं। इससे इन्हें सिलेंडर के पूरे पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।
डीबीटीएल योजना के तहत घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं से आधार कार्ड जमा कराकर कनेक्शन नंबर को खाते के साथ लिंकअप कराया गया था। शहर की फतेहपुर इंडेन गैस, ललिता इंडेन और भारत गैस एजेंसी मिलाकर जिले में 21 एजेंसियां हैं। गुरुवार को फतेहपुर इंडेन गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही। एजेंसी में 19452 उपभोक्ता हैं, जिनमें अभी 15 सौ उपभोक्ताओं के खाते बैंक से लिंकअप नहीं हुए हैं जिससे इनके खाते में सब्सिडी नहीं पहुंच पा रही है। प्रबंधक बाबूलाल ने बताया कि जिनके खाते लिंकअप नहीं हैं वह आधार कार्ड, बैंक पास बुक और गैस कनेक्शन बुक की छाया प्रति एजेंसी व संबंधित बैंक में जमा कर दें ताकि तीस जून के पहले खाता लिंकअप कर दिया जाए। इसी प्रकार मुराइनटोला स्थित ललिता इंडेन गैस एजेंसी में 18985 खाताधारक हैं। यहां करीब 12 सौ कनेक्शन अभी लिंकअप नहीं हुए हैं। भारत गैस एजेंसी कलक्टरगंज में चार हजार कनेक्शन धारक हैं इनमें अभी करीब नौ सौ उपभोक्ता ऐसे हैं जिनके खाते लिंकअप होने शेष हैं। एजेंसी के प्रबंधक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि जो कनेक्शन बैंक से लिंकअप नहीं हुए हैं उन्हें जल्द से जल्द कराया जा रहा है।
इनसेट
ऐसे मिलेगी सब्सिडी
अप्रैल 218 रुपये 18 पैसे
मई 221 रुपये 18 पैसे
जून 231 रुपये 18 पैसे