फतेहपुर। जिला अस्पताल का ब्लड बैंक रक्त की कमी से जूझ रहा है। यहां सभी रक्त समूहों को मिलाकर महज 11 यूनिट रक्त उपलब्ध है। एबी निगेटिव रक्त समूह का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिससे मरीजों व परिजन की चिंता बढ़ गई है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील की है। शनिवार को मेडिकल कॉलेज में एक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
सड़क हादसे में घायल, प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव या थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों को अक्सर रक्त की आवश्यकता होती है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। इसे केवल एक स्वस्थ व्यक्ति ही दान कर सकता है। जिले में प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाओं, बड़े ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों के मरीजों को रक्त की जरूरत पड़ती है।
स्वास्थ्य विभाग रक्त की कमी का कारण जागरूकता का अभाव और भ्रांतियां मानता है। चिकित्सकों के अनुसार, रक्तदान सुरक्षित है शरीर 24 घंटे में सामान्य होकर नया रक्त बनाता है। मेडिकल आफिसर अभिषेक सिंह ने बताया कि 18 से 60 वर्ष के स्वस्थ पुरुष हर तीन माह और महिलाएं हर चार माह में रक्तदान कर सकती हैं। रक्तदान से पहले हेपेटाइटिस, एचआईवी समेत कई संक्रमणों की जांच होती है। नियमित रक्तदान से हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा भी कम होता है। स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, स्वयंसेवी संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों से रक्तदान अभियान में भागीदारी की अपील की है।
ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त
रक्त समूह
यूनिट
ए पॉजिटिव
2
ए निगेटिव
1
बी पॉजिटिव
2
बी निगेटिव
1
एबी पॉजिटिव
1
एबी निगेटिव
0
ओ पॉजिटिव
3
कुल
11 यूनिट
रक्तदान से जुड़े जरूरी तथ्य
- 18 से 60 वर्ष तक का स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।
- पुरुष हर 3 माह और महिलाएं हर 4 माह में रक्तदान कर सकती हैं।
- रक्तदान के बाद शरीर लगभग 24 घंटे में सामान्य अवस्था में लौट आता है।
- शरीर कुछ समय में नया रक्त बना लेता है।
- रक्तदान से पहले स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन और संक्रमणों की स्क्रीनिंग की जाती है।
- नियमित रक्तदान से हृदय स्वास्थ्य को लाभ मिलने की संभावना रहती है।
- एक यूनिट रक्त तीन मरीजों तक की जान बचाने में मददगार हो सकता है।
वर्जन
फोटो 2- डॉ. अभिषेक सिंह, मेडिकल ऑफिसर
ब्लड की कमी को दूर करने के लिए शनिवार को मेडिकल कॉलेज में आयोजित शिविर में इच्छुक लोग रक्तदान कर सकते हैं। अन्य दिनों में भी जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में 24 घंटे रक्तदान की सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक व्यक्ति 9794433385 पर संपर्क कर सकते हैं।
- डॉ. अभिषेक सिंह, मेडिकल ऑफिसर
वर्जन
फोटो 3- डॉ. राजेश कुमार शर्मा, सीएमएस
रक्तदान महादान है। आपके 15 मिनट किसी परिवार की पूरी जिंदगी बदल सकते हैं। जब भी अवसर मिले, रक्तदान करें, क्योंकि अस्पताल में रखा रक्त नहीं, बल्कि किसी इंसान की संवेदनशीलता ही जरूरतमंद की सांसें बचाती हैं।”- राजेश कुमार शर्मा, सीएमएस