हाईवे पर डीसीएम की टक्कर से बुधवार शाम बाइक सवार चचेरे भाइयों में एक की मौत हो गई। घटना की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कानपुर महाराजपुर थाना क्षेत्र के कमालीपुर गांव निवासी भोला यादव का बेटा आशुतोष यादव (17) अपने चचेरे भाई आलोक के साथ मामा रतीराम निवासी वाजिदपुर थाना कल्यानपुर आया था। वह वापस घर लौट रहे थे। थाना क्षेत्र हाईवे में रामपुर रेवाड़ी चौराहे के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना में आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आलोक को मामूली चोटें आईं। हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल को पीएचसी लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मामा के घर खोया देकर लौट रहा था। घटना से परिवार में होली का त्योहार बदरंग हो गया। उसके छोटे भाई भुनेश और बउवा देर रात को हादसे की खबर पर पहुंचे। थाना प्रभारी अरविंद सिंह गौर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर आलोक का प्राथमिक उपचार किया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।