घटना स्थल पर हादसे के बाद भीड़ लगने से बाधित यातायात
- फोटो : FATEHPUR
हसवा में कानपुर प्रयागराज हाईवे पर शनिवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में महिला बाइक से उछलकर हाईवे पर गिरी, तभी ट्रेलर की चपेट में आ गई। दूसरी ओर बेटा गिरने से मामूली जख्मी हुआ। उसने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
करीब आधे घंटे तक क्षत विक्षत शव रोड पर पड़ा रहा, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हटवाने के बाद यातायात बहाल कराया। जान गवांने वाली महिला महोई गांव के पूर्व प्रधान की पत्नी है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के महोई गांव निवासी शाहीन (50) बेटे फैसल (25) के साथ बाइक से हसवा कस्बे के खेलदार मोहल्ला जा रही थी। शाहीन के पति फारूख पूर्व प्रधान थे। थरियांव थाना क्षेत्र आंबापुर हाईवे पर पेट्रोल पंप के सामने मां बेटे पहुंचे थे। हाईवे पार करते समय ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक से उछलकर महिला ट्रेलर के नीचे आ गई। ट्रेलर की चपेट में आने से शाहीन की मौत हो गई। चालक ट्रेलर छोड़कर भाग निकला। हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। सूचना पर थानेदार एमपी सिंह पहुंचे। पुलिस ने शव को हटवाया। तब यातायात बहाल हो सका।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले शाहीन ने हसवा के खेलदार मोहल्ले में बेटी का रिश्ता तय किया था। उसी सिलसिले से मां बेटे खेलदार मोहल्ला जा रहे थे। बाइक चालक फैसल दूसरी ओर से गिरने से बाल-बाल बचा है। पुलिस को मौके पर बाइक चालक का हेलमेट नहीं मिला है।