गुरुवार को जमरौली गांव में बुखार से एक किशोर की जान चली गई। खजुहा विकास खंड के कोरवां गांव में एक पखवारे के भीतर बुखार से अब तक दो मौतें हो चुकी हैं। यहां बीमार दर्जनाें मरीज जीवन और मौत से संघर्ष कर रहे हैं। कानपुर में भर्ती लगभग एक दर्जन से अधिक मरीजों की जांच कराने में सात डेंगू के मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। यहां डाक्टरों की टीम न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
जाफरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के जमरौली गांव के रमेश निषाद के बेटे सुभाष चंद्र(16) को पांच दिन से बुखार आ रहा था। जिसका परिजन प्राइवेट इलाज करा रहे थे। गुरुवार की सुबह किशोर तेज ठंड लगने लगी तो परिजनों ने उसके ऊपर रजाई डाल दी। दोपहर दो बजे परिजनों ने हाल जानने के लिए बुलाया तो वह नहीं बोला। आशंका होने पर रजाई हटाई तो उसके देखा कि उसकी सांसें थम चुकी थीं।
इस गांव में दो दर्जन के करीब लोग बुखार से ग्रसित चल रहे हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां नहीं पहुंच सकी है। कोरवां में संक्रामक बीमारी व विचित्र बुखार से सैकड़ों लोग बीमार हैं। करीब आधा सैकड़ा मरीज कानपुर, बिंदकी, फतेहपुर के निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। ग्राम प्रधान रहीसा बानो ने बताया कि कानपुर में इलाज कराने गए मरीजों में सायका, रहीम खां, तहसीन, फैजान, अस्तिया, राशिद खान, शाहरुख के डेंगू होने की पुष्टि हुई है।
ग्रामीणों में नूर मोहम्मद, अकील अहमद, इरफान, साहिल आदि ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जिन मरीजों के पास रुपये है वे लोग तो अपना इलाज कराने बाहर चले गए। जबकि गरीब तबके के लोग गांव में ही डाक्टरों के इंतजार में दम तोड़ रहे हैं।
अमौली प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के सठिगंवा के मासूम की बुधवार तड़के कानपुर के नौबस्ता स्थित वैष्णवी हास्पिटल में हुई मौत के बाद जरूर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। यहां पर चांदपुर की नवीन पीएचसी के चिकित्सक डॉ. धमेँंद्र चौधरी की टीम पहुंची। 95 मरीज देखने के साथ उन्हें दवाएं मुहैया कराईं। इसके अलावा 15 स्लाइडें भी बनाईं गई हैं।
क्षेत्र के ही गांव बुढ़वा में कई चौखटों के सभी लोग बीमार पड़े हैं। सुनील मिश्रा के परिवार के सभी आठ सदस्य, अवध नारायण शुक्ला के घर के चार सदस्य, हर्ष कुमार के घर के सभी छह सदस्य व जय कुमार के घर के छह में से पांच लोग बुखार से ग्रसित हैं। एपेडेमिक सेल के हेड डॉ. एसपी जौहरी ने बताया कि प्रभावित गांवों में टीमें भेजी जा रही हैं।