फतेहपुर। एक दिन के लिए डीएम बनी आंक्षा विश्वकर्मा ने सोमवार को एक वृद्धा को मंदिर के समीप बसेरा के लिए जमीन उपलब्ध कराई, तो वृद्धा ने बिटिया को आजीवन डीएम बने रहने का आशीष दिया।
यूपी बोर्ड में इंटर की परीक्षा में प्रदेश मेरिट में तीसरा स्थान पाने वाली आंक्षा विश्वकर्मा दशहरा में अवकाश पर घर आई, तो उसका एक दिन के लिए डीएम की कुर्सी ने स्वागत किया। दिल्ली में यूपीएससी की कोचिंग कर रही आंक्षा को एक दिन के लिए डीएम की कुर्सी संभालते ही जिलाधिकारी रविंद्र सिंह ने पुष्प गुच्छ और शील्ड देकर स्वागत किया और सम्मान से कुर्सी पर बैठाया। एक दिन की डीएम ने घर गिरने पर जांच के आदेश दिए। इसके बाद कलक्ट्रेट का निरीक्षण कर प्रक्रिया को समझा।
मिशन शक्ति अभियान फेज-पांच के तहत इंटर की टॉपर आंक्षा विश्वकर्मा को एक दिन का संकेतात्मक जिलाधिकारी बनाया गया। सर्वप्रथम आंक्षा विश्वकर्मा ने जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें सुनी और निस्तारण के अधिकारियों को निर्देशित दिए। बताया कि उनका सपना जिलाधिकारी बनकर जनता की सेवा करना है। इसके लिए वह दिल्ली में यूपीएससी की कोचिंग कर रही हैं। इस मौके में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी मौजूद रहे।
उधर, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन हुआ। इसमें 17 नवजात बच्चियों का केक काटकर जन्मोत्सव मनाया गया। बाद सीडीओ ने नवजात बच्चियों के प्रयोग में आने वाली बेबी किट, नवजात शिशु के कपड़े, बैग, मां के लिए साड़ी, कंबल, गद्देदार मच्छरदानी, खिलौने बांटे। इस मौके पर जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. पीके सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी, वन स्टाप सेंटर प्रभारी, सेंटर मैनेजर एवं केस वर्कर मौजूद रहे।
.....