संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। बिहार से मथुरा जाने वाली इंडियन ऑयल की पेट्रोल लाइन तोड़कर तेल चोरी के सरगना की गैंगस्टर के आरोप में कोर्ट ने जमानत खारिज की है। तेल चोरियों के मामले में आरोपी करीब आठ साल से जेल में निरुद्घ चल रहा है।
गुजरात प्रांत अहमदाबाद निवासी फौजी इंजीनियर बंशीलाल शर्मा पर खागा, औंग, मलवां थाने में पेट्रोल लाइन तोड़कर तेल चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को पुलिस ने 2014 में गिरफ्तार किया था। आरोपी का तेल चोरी में गैंग सक्रिय रहा है। इसी वजह से पुलिस ने इंजीनियर बंशीलाल पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। आरोपी की ओर से विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर कोर्ट नंबर छह में जमानत प्रार्थना पत्र डाला है। सहायक शासकीय अधिवक्ता आलोक तिवारी और अमरजीत भारती ने गैंगस्टर के जमानत प्रर्थना पत्र पर विरोध किया। आरोपी के जेल से छूटने पर गैंग के सक्रिय होने की बात कही। कोर्ट ने बहस के बाद गैंगस्टर मामले में आरोपी की जमानत खारिज की है।