किशनपुर। क्षेत्र के कछरा ग्राम पंचायत में तैनात राजस्व कर्मियों की लापरवाही का मामला सामने आया है। छह साल पहले मर चुके किसान के नाम की घर में अवैध कब्जे की नोटिस चस्पा की गई है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्व कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। विजयीपुर ब्लॉक के कछरा गांव के किसान सीताराम पासवान की छह साल पहले मौत हो गई थी। उसके घर में अवैध कब्जे की नोटिस जारी की गई है। किसान के परिजन नोटिस मिलने के बाद से हैरान है। परिजनों का आरोप है कि किसी के बहकावे में नोटिस जारी की गई है। परिजनों ने बताया कि वह अधिकारियों से शिकायत करेंगे। न्याय नहीं मिलने पर वह हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लेखपाल अपने बचाव के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है। उपजिलाधिकारी अभिनीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।