शहर में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए
यातायात पुलिस ने शुक्रवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की। नो इंट्री में
घुसने वाले वाहनों और यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले सरकारी वाहन भी
कार्रवाई की परिधि में आए। अभियान में हेलमेट न लगाने वाले बाइक सवारों की
भी धरपकड़ की गई।
ज्वालागंज बस अड्डे में रोडवेज बसों के सड़क पर (नो
पार्किंग क्षेत्र में) खड़ी कर देने से राहगीरों को जाम से जूझना पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक राजीव मल्होत्रा के आदेश पर यातायात पुलिस ने रोडवेज बसों
के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
इलाहाबाद कानपुर रूट की एक रोडवेज बस का नो
पार्किंग जोन में खड़े होने पर चालान किया गया। इससे रोडवेज चालकों में
हड़कंप मच गया। इसके बाद दिनभर यातायात दुरुस्त रहा।
यातायात में बाधा पैदा
करने वाले भारी वाहनों पर भी कार्रवाई हुई। इसमें डीसीएम को हूटर लगा देख
यातायात प्रभारी ने चालक को जमकर फटकार लगाई। हूटर को उतरवाकर डीसीएम का
चालान किया गया।
हेलमेट न लगाने वाले 14 बाइक सवारों को पकड़ा गया। बाइक
सवारों को हेलमेट खरीदने के लिए जागरूक किया गया। नाबालिग टेंपो चालकों
के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 19 सौ
रुपये जुर्माना और 12 वाहनों का चालान करने की कार्रवाई की गई है।