बिंदकी (फतेहपुर)। सांसद नरेश उत्तम पटेल ने केंद्र सरकार के बजट और अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौते पर हमला बोला। उन्होंने बजट को जनविरोधी बताते हुए सरकार पर विपक्ष को दबाने का आरोप लगाया। साथ ही अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौते तो डील नहीं ढील बताया है।
नगर के ललौली रोड स्थित कैंप कार्यालय में शुक्रवार को सांसद नरेश उत्तम पटेल ने बातचीत के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने अमेरिका के साथ जो डील की है उससे व्यापारियों और किसानों को नुकसान होगा।
आरोप लगाया कि बजट सत्र के दौरान विपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद चर्चा की परंपरा है लेकिन सत्ता पक्ष ने व्यवधान डालकर विपक्ष की आवाज दबा दी।
अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौते का जिक्र करते हुए दावा किया कि अमेरिकी उत्पादों पर भारत में टैक्स में राहत दी गई है। भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में टैक्स लगाया जाएगा। इससे भारतीय व्यापार प्रभावित होगा और बेरोजगारी बढ़ेगी। इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष रामेश्वर दयाल उर्फ दयालू गुप्ता, प्रदेश कार्य समिति सदस्य गणेश वर्मा भी मौजूद रहे।
फोटो-30-नरेश उत्तम पटेल। संवाद