संवाद न्यूज एजेंसी
बिंदकी(फतेहपुर)। तेज रफ्तार बोलेरो ने सोमवार शाम ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में रिक्शा चालक समेत एक ही परिवार के नौ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस बोलेरो की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि बोलेरो ने पहले एक बाइक को भी टक्कर मारी है। हालांकि बाइक सवार मामूली रूप से घायल हुआ। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दरवेशाबाद गांव निवासी कल्लू (42), पवनेश शर्मा (35), रामखेलावन (65), मुनक्का देवी (25), संकठा प्रसाद (55), उर्मिला (60), अशोक (65), नितेश (17) और छोटेलाल (60) का जमीन को लेकर रविवार को विवाद हुआ था। पुलिस ने सोमवार को सभी का शांतिभंग में चालान किया। यह लोग बिंदकी एसडीएम कोर्ट से जमानत के बाद ई-रिक्शा से लौट रहे थे। कोरइयां मोड़ कोल्ड स्टोर के पास पीछे से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। एक-दूसरे के ऊपर लोग गिरे। कुछ लोग छिटककर रोड पर गिरे। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। घायलों को एबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे में दुइजा का पुरवा निवासी ई-रिक्शा चालक विजय (45) भी घायल हुआ। सीएचसी में छोटेलाल को भर्ती किया गया। बाकी सभी को जिला अस्पताल रेफर किया। इस हादसे से पहले बोलेरो ने बाइक सवारों को भी टक्कर मारी है। पुलिस कयास लगा रही है बाइक सवारों को टक्कर मारने के बाद चालक बोलेरो लेकर भागा है। तभी हादसा हुआ है। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।