फतेहपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव की ओर से त्रिस्तरीय पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इन तिथियों के तहत पुनरीक्षण का कार्यक्रम होगा।
डीएम रविंद्र सिंह ने बताया कि निर्वाचक गणना पत्रक के आधार पर हस्तलिखित सूची सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में 13 अक्तूबर तक जमा की जाएगी। कंप्यूटरीकृत नामावलियां 24 नवंबर तक तैयार होंगी।
मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदाता क्रम, वार्ड मैपिंग, फोटो प्रतियां और डेटा डाउनलोडिंग की प्रक्रिया चार दिसंबर तक पूरी की जाएगी। अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन पांच दिसंबर तक होगा। इसका निरीक्षण छह से 12 दिसंबर के बीच किया जाएगा। आपत्तियां एक जनवरी तक ली जाएंगी और उनका निस्तारण 13 से 19 दिसंबर के बीच किया जाएगा।
इसके बाद 20 से 23 दिसंबर तक अंतिम हस्तलिखित सूची तैयार कर कार्यालय में जमा की जाएगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी तक किया जाएगा।