फोटो-40-कैंप में परेड का प्रशिक्षण करते कैडेट। संवाद
खागा। रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में 72वीं यूपी बटालियन एनसीसी फतेहपुर के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में बुधवार को कैडेटों को सलामी और परेड का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में बांदा, अतर्रा, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अयोध्या समेत आसपास के क्षेत्रों से करीब 550 एनसीसी कैडेट और कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को सैन्य अधिकारियों को सलामी देने के तौर-तरीके और उससे जुड़े अनुशासन की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि अधिकारियों के आगमन पर निर्धारित सैन्य नियमों के अनुसार सलामी दी जाती है। इसके साथ ही कैडेटों को विभिन्न सैन्य गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है।
कमांड अफसर बृजेश पाठानिया ने बताया कि प्रशिक्षण के अगले चरण में मैप रीडिंग, युद्धकौशल, क्षेत्र रक्षा, आपदा प्रबंधन और फायर फाइटिंग का अभ्यास कराया जाएगा। बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
शिविर से कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित होता है। इस दौरान कर्नल योगेंद्र सिंह, दिवाकर सिंह, सुनील कुमार सिंह, महेश कुमार, विक्रम और प्रकाश आदि मौजूद रहे।
फोटो-40-कैंप में परेड का प्रशिक्षण करते कैडेट। संवाद