गोपालगंज पीएचसी में घायल संदीप
- फोटो : अमर उजाला
चौडगरा (बिंदकी)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बिंदकी रोड हाईवे ओवरब्रिज पर मंगलवार दोपहर बाइक सवार नानी और नाती को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने से नानी की मौत हो गई, नाती को पीएचसी से कानपुर रेफर कर दिया गया।
बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के जिवलाडेरा निवासी छोटकू निषाद की पत्नी तुलसी(50) ललौली कस्बे में अपनी बहन के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। समारोह के बाद दोपहर में उन्हें दामाद रामनाथ निषाद के घर चौडगरा कल्यानपुर आना था। ललौली से तुलसी को उनका नाती संदीप पुत्र रामनाथ निषाद बाइक से लेकर आ रहा था। ओवरब्रिज में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार नानी और नाती उछलकर गिरे। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। दोनों को एंबुलेंस से पीएचसी लाया गया। जहां पर डाक्टरों ने तुलसी देवी को मृत घोषित कर दिया। एसएचओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि सिर में चोट लगने से तुलसी की मौत हुई है। नाती को पैर में गंभीर चोट है।