फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची जारी हो गई। सोमवार को जारी सूची में बोर्ड परीक्षा 2025 के लिए 114 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें करीब 18 परीक्षा केंद्र मानक विहीन हैं। सूची से उन विद्यालयों के नाम भी नहीं है, जिनके यहां से बच्चे टॉपर रहते हैं। इतना ही नहीं केंद्रों में छात्र आवंटन भी अस्त व्यस्त है। डीआईओएस ने कार्यालय के सूचना पट पर सूची चस्पा कर आनलाइन आपत्तियां 14 नवंबर तक मांगी हैं।
बोर्ड परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई। आनलाइन केंद्र निर्धारण प्रक्रिया में टॉपर बनाने वाले स्कूलों के नाम गायब हैं। इतना ही नहीं जनप्रतिनिधियों के स्कूल भी इस बार परीक्षा केंद्रों की सूची से बाहर हैं। 2024 बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटर दोनों कक्षाओं में प्रदेश की मेरिट सूची में नाम दर्ज कराने वाला विद्यालय मुस्तफापुर कालेज भी इस बार केंद्र नहीं बना है।
इसके अलावा शहर के चर्चित विद्यालय भी केंद्रों की सूची में शामिल नहीं हैं। सूची में इस बार राजकीय विद्यालयों को केंद्र बनाने में प्राथमिकता तो दी गई है, लेकिन कई राजकीय हाईस्कूल मानक विहीन हैं। इनमें परीक्षा के लिए पर्याप्त कक्ष तक नहीं हैं। सड़क, बाउंड्री आदि का पूरी तरह से टोटा है। कई विद्यालयों के परीक्षार्थियों का आपस में आदान प्रदान हुआ है, जो पूरी तरह से गलत है। डीआईओएस राकेश कुमार का कहना है कि सूची चस्पा कर आपत्तियां मांगी गई हैं। सूची में जो भी त्रुटियां होंगी, उसे ठीक किया जाएगा।
..................