फफूंद (औरैया)। कस्बे में अंधाधुंध बिजली की कटौती की जा रही है। जिससे इस भीषण उमस भरी गर्मी में स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तो वहीं कस्बे में व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। लोगों की दिक्कतों को देखते हुए नगर पंचायत फफूंद अध्यक्ष ने अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन देकर कटौती रोके जाने की मांग की।
शुक्रवार को नगर पंचायत फफूंद अध्यक्ष मोहम्मद अनवर ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता ब्रजमोहन से मुलाकात की। उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि बिजली की कटौती से कस्बे के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कटौती का समय निर्धारित न होने से लोगों को जलापूर्ति में दिक्कत आ रही है। यही नहीं उन्होंने बताया कि इन दिनों मोहर्रम माह और अन्य पर्व का समय चल रहा है। उमस भरी गर्मी में नगरवासियों को पेयजल की किल्लत न होने पाए इसके लिए नगर पंचायत दिन में तीन बार सुबह साढ़े पांच से साढ़े छह, दोपहर 12 बजे से एक बजे तक और शाम चार बजे से साढ़े पांच बजे तक पानी की आपूर्ति करती है। नगर पंचायत के सभी नलकूप बिजली पर आधारित है। बिजली कटौती होने से नलकूप नहीं चल पा रहे है। जिससे पेयजल की आपूर्ति बाधित हो जाती है। बताया कि नगर के कई मोहल्ले ऊंचाई पर स्थित है। जहां मोटर चलाने पर ही लोग पानी भर पाते हैं। कस्बावासियों की दिक्कतों को देखते हुए निर्धारित समय में ही बिजली कटौती कर अन्य समय में सुचारू रुप से बिजली दी जाए। अधीक्षण अभियंता ने कटौती बंद करने का आश्वासन दिया।