शहर के वर्मा चौराहा में सिल्ट से पटा नाला
- फोटो : अमर उजाला
शहर में 28 नाले हैं जिनकी 15 जून के पहले सफाई होनी है। सभासद विनय तिवारी ने बताया कि हरिहरगंज इलाके में नाला सफाई कार्य में खानापूरी की गई है। इसी प्रकार सभासद प्रतिनिधि रज्जू सविता ने मुराइनटोला और सभासद ऐनुल आबदीन हुमायू ने मसवानी में नाला सफाई में असंतोष जताया है। सभासदों ने कहा कि सोमवार को अधिशासी अधिकारी से मिलकर शिकायत करेंगे।
सभासदों का कहना है कि मानसून कभी भी दस्तक दे सकता है ऐसे में समय से नाला सफाई नहीं हुई तो जलभराव से लोगों को जूझना पड़ेगा। वहीं सफाई निरीक्षक आबिद अली ने बताया कि सफाई कार्य में लापरवाही बरत रहे ठेकेदारों को नोटिस दी जा रही है और दोबारा सफाई कराई जा रही है। साथ ही सभी सफाई नायकों को नोटिस देते हुए रमजान माह के चलते मस्जिदों के आसपास सफाई और चूने के छिड़काव के निर्देश दिए हैं।
बारिश में यहां होता जलभराव
बरसात के दिनों में शहर के देवीगंज, गंगानगर इलाके में सबसे अधिक जलभराव होता है। इसी प्रकार खलीलनगर इलाके में गलियां जलमग्न हो जाती है। पिछले वर्ष आलम यह था कि घरों में पानी घुस गया था जिससे लोगों ने प्रदर्शन किया था। इसी प्रकार पत्थरकटा से मुराइनटोला मार्ग में बारिश से जलभराव की समस्या अधिक रहती है। यदि सिल्ट साफ नहीं हुई तो यही समस्या बारिश में फिर होगी।