बैंकों व एटीएम से झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। दो शातिरों को मुंबई पुलिस ने बुधवार को कोतवाली पुलिस के सहयोेग से गिरफ्तार किया है। इन पर मुंबई के मलाबार थानाक्षेत्र में मोबाइल नेट के माध्यम से ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है।
बिवांर थानाक्षेत्र के बिगहना गांव में लंबे समय से मोबाइल नेट के माध्यम से भोले भाले लोगों के एटीएम नंबर व कोड पूछकर लाखों की ठगी किए जाने के दर्जनों मामले पुलिस में दर्ज कराए जाते हैं। यह शातिर पढे़ लिखे लोगों को भी एटीएम बंद होने व उसे संचालित करने तथा बडे़ इनाम व सरकारी धन प्राप्त करने का झांसा देकर खाता व एटीएम नंबर लेने में कामयाब हो जाते हैं।
मोबाइल नेट से धोखाधड़ी कर रकम निकालने का मामला मुंबई महानगर के मालाबार पुलिस ने दर्ज किया था। जांच पड़ताल के बाद पुलिस को जनपद के बिवांर थानाक्षेत्र के गांव बिगहना निवासी शुभकरन उर्फ लाला व अविनाश उर्फ गौतम के नाम प्रकाश में आए। सघन पड़ताल के बाद मुंबई पुलिस मंगलवार को यहां आ धमकी। स्थानीय पुलिस की मदद से इन दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुंबई के मालाबार थाना में तैनात उपनिरीक्षक नीलेश ने बताया कि इन पर धारा 419, 420 व 66 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।