फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में नवीन मार्केट के पास मंगलवार शाम करीब सात बजे बाइक सवार दो बदमाश महिला का मोबाइल फोन छीनकर भाग निकले। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में वारदात से कुछ दूर एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी करते भी दिखा।
शहर के आवास विकास निवासी भूपेंद्र सिंह की पत्नी रंजना सिंह मंगलवार शाम बच्चे को लेकर किसी काम से निकली थीं। वह एक रेस्टोरेंट के सामने सड़क पार करने के लिए खड़ी थीं। तभी वह मोबाइल देखने लगीं। इसी बीच बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर मोबाइल छीनकर भाग गए।
रंजना सिंह ने परिजन के साथ पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल के बैक कवर में 800 रुपये भी रखे थे। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवारों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।