जिले में मदर्स डे धूमधाम से मनाया गया। स्कूल कालेजों में रंगारंग कार्यक्रम हुए वहीं बच्चों ने भी खूब मस्ती की। बच्चों ने मम्मियों को बेहतर उपहार दिए तो मां ने भी बच्चों को गले से लगा लिया।
रविवार को पटेल इंटर कालेज लिल्स बगिया सिविल लाइन में मदर्स डे का कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधिका रजनी सिंह सचान एवं निदेशक अतुल सिंह सचान ने दीप प्रज्वलित कर किया। बच्चों ने अपनी मां पर प्यार बरसाया और मां के लिए गीत गाकर मन मोह लिया। विद्यालय की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। लिल्स बगिया सुपर माम अवार्ड, कामिक मॉम अवार्ड, म्यूजिकल मॉम अवार्ड, एक्टिव मॉम, डिलाइट फुल मॉम अवार्ड दिया गया। विद्यालय की प्रबंधिका नेहा सिंह सचान ने सभी बच्चों को अशीर्वाद दिया। प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह व उप प्रधानाचार्य पूनम सिंह ने सभी का आभार जताया। इसी प्रकार किडजी स्कूल में मदर्स डे मनाया गया। डायरेक्टर नूतन सिंह ने बच्चों को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर दिव्या, कृतिका, श्रेया, पारस, निष्ठा, आराध्या, रितेश आदि रहे। बिंदकी के ललौली रोड के चिल्ड्रेंस पब्लिक स्कूल में मदर्स डे के आयोजन पर बच्चों ने माताओं के सम्मान में नाट्य कलाओं का मंचन कर रंगा- रंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या देविंदर कौर ने किया। यहां आगंतुक माताओं का बच्चों ने पुष्प व रोली लगाकर स्वागत किया। इसमें नाट्य कलाओं के मंचन, बच्चों ने झांकियां, खेलकूद प्रतियोगिता आदि कार्यक्रमों को प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यहां बाजी मारने वाले छात्र/ छात्राओं को प्रधानाचार्या ने पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर नीता मिश्रा, नीरजा शुक्ला, पूनम सिंह, आकांक्षा, प्रतिभा गुप्ता, मीरा गुप्ता, जसवीर सिंह, शशीकांत आदि लोग मौजूद रहे।