खागा। फतेहपुर टेकारी में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने दिवंगत धर्मेंद्र की मां और बहन को रविवार को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजा गया है। मुख्य आरोपी भाइयों समेत छह लोग फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
फतेहपुर टेकारी गांव के बूंदी, शुभम समेत अन्य ने 17 अक्तूबर को रुपयों व संपत्ति के विवाद में भाई धर्मेंद्र उर्फ धुन्नू तिवारी व भाभी रोली की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड में रोली के पिता शशि द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने धर्मेंद्र की मां कृष्णावती, भाई बूंदी, शुभम तिवारी, बहन नीलम, सोनी उर्फ शालिनी व सोनी का पति बबलू निवासी पाठक का पुरवा मवई थाना हुसैनगंज व दो से तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हत्याकांड के बाद पुलिस ने कृष्णावती और सोनी को हिरासत में लिया था। पुलिस ने उनसे फरार बूंदी व अन्य के करीबियों, रिश्तेदारों समेत सभी के ठिकानों की जानकारी जुटाई है। शनिवार को शवों के अंतिम संस्कार के बाद रविवार को दोनों को जेल भेजा है। पुलिस की जांच में नामजद आरोपी कृष्णावती और उसकी बेटी सोनी उर्फ शालिनी की हत्याकांड में भूमिका है। उन पर विवाद के पीछे बूंदी व अन्य को उकसाने का आरोप वै। मुख्य आरोपी बूंदी व शुभम तिवारी की खोजबीन में रिश्तेदारियों में तलाश में शहर, बांदा, प्रयागराज, कौशांबी में दबिश दी है। बूंदी तिवारी के एक गांव के रहने वाले दोस्त को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद बूंदी अपने दोस्त से मिला था। इसके बाद वह गांव से बाहर भाग निकला। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पांच टीमें गठित हैं और वह संभावित जगहों पर दोनों को तलाश रही है। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मां व बेटी को जेल भेजा गया है। बाकी भी जल्द पकड़े जाएंगे।