फतेहपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन नकाबपोश बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की। उनके एक साथी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। थाना पुलिस ने पांच दिन तक घटना को दबाए रखा। मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने लूटपाट, पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। घटना की सूचना देने में देरी व तत्काल रिपोर्ट दर्ज न करने पर एसपी राजेश कुमार सिंह ने हुसैनगंज थाना प्रभारी थानाध्यक्ष राम सिंह को निलंबित कर दिया।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने एफआईआर में बताया कि वह हथगाम थाना क्षेत्र में मायके गई थी। ससुराल में उसका घर गांव के बाहर खेत में है। पति दिल्ली में सिलाई करता है। 10 दिसंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे ससुर, बेटा और बेटी बाहर छप्पर के नीचे लेटे थे। इस दौरान दो बदमाश ससुर और बेटे को कमरे में बंधक बनाकर 20 हजार रुपये व एक लाख कीमत के जेवर लूट ले गए। एक बदमाश ने बेटी से दुष्कर्म किया।
इस बीच बाइक सवार ग्रामीण ने बदमाशों को देखकर गांव में खबर दी। ग्रामीणों की घेराबंदी पर बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची थी। 15 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज पुलिस ने शुक्रवार रात पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। सीओ सिटी वीर सिंह ने बताया कि बदमाशों के मोबाइल से सुराग मिला है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, अधिकारियों को सूचना भी नहीं दी। इसी वजह से एसपी ने निलंबन की कार्रवाई की है।