फतेहपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय पटेल नगर में बुधवार को नमो सेवा गाथा अनकही कहानियां विषय पर नाट्य प्रस्तुति हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री पद से प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को रचनात्मक ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया। नाटक में उनके जीवन संघर्ष, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्र के प्रति समर्पण और देश के सामने मौजूद चुनौतियों को अभिनय व संवाद के माध्यम से दर्शाया गया।
प्रस्तुति में विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के साथ विकास, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता, डिजिटल भारत, शिक्षा, युवाओं की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता जैसे विषय प्रमुखता से दिखाए गए। छात्राओं ने संवाद और अभिनय के जरिए विभिन्न योजनाओं एवं प्रयासों को प्रस्तुत किया।
नाट्य प्रस्तुति में आयुषी, पूनम, अंजलि, मुस्कान, प्रीति, दिव्यांका, स्वाति, अनुसूया, राखी, सुधा, समीक्षा और वासु मौर्य ने उत्साहपूर्वक भूमिकाएं निभाईं। अंजलि यादव ने नरेंद्र मोदी की भूमिका निभाते हुए मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक की यात्रा और राष्ट्र के प्रति उनके दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
छात्राओं के अभिनय, संवाद अदायगी और मंच प्रस्तुति ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में छात्राओं की रचनात्मकता, टीम भावना और मंचीय प्रतिभा के साथ राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश भी सामने आया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार यादव, प्राध्यापक, अभिभावक और छात्राएं मौजूद रहीं।
फोटो-60-नाट्य मंचन प्रस्तुत करतीं छात्राएं। स्रोत: विद्यालय