कानपुर-फतेहपुर स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद सदस्य पद के लिए गुरुवार तीन मार्च को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। बुधवार दोपहर मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं, जो शाम को मतदेय स्थलों पर पहुंच गई थीं।
डीएम राजीव रौतेला व एसपी कलानिधि नैथानी का दावा है मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम हैं। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि जिले में 16 मतदान केंद्र हैं, यहां 2033 मतदाताओं को वोट डालना है। इसमें हंसवा ब्लाक के सातों ग्राम पंचायत के प्रधान चंदन पाल जेल में है। मतदान कराने के लिए 16 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं, जबकि दो पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है।
सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही 18-18 माइक्रोआब्जर्वर लगाए गए हैं। इस चुनाव में किस्मत आजमा रहे पांच प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 4638 मतदाताओं को करना है, इनमें कानपुर नगर में 1338 मतदाता और कानपुर देहात में 1267 मतदाता हैं।
एमएलसी की इस सीट में कानपुर नगर, कानपुर देहात व फतेहपुर जिला शामिल है। पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी व तीन मतदान कर्मी हैं।
कलेक्ट्रेट परिसर में पोलिंग पार्टियों को रवाना करते समय डीएम राजीव रौतेला के साथ एसपी कलानिधि नैथानी भी मौजूद रहे। मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और मतदान के बाद शील मतपेटिकाएं व निर्वाचन अभिलेख पीठासीन अधिकारी व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में मुख्यालय रिसीविंग सेंटर में जमा कराए जाएंगे।