फतेहपुर। कानपुर-फतेहपुर विधान परिषद चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सुबह सात बजे स्ट्रांग रूम खुलवाएंगी। मतगणना तीन चरणों में होगी। पहले चरण में मतपेटिकाओं से निकले मतपत्रों के 50-50 के बंडल बनेंगे।
दूसरे चरण में वैध और अवैध मत गिनकर अलग किए जाएंगे। तीसरे चरण में पूरे मतों की गणना होगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होनी है। मतगणना से एक दिन पूर्व सोमवार को विकास भवन सभागार में मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण में जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने सभी अधिकारियों से कहा कि मतगणना सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। सभी कर्मचारी, सुपरवाइजर, मजिस्ट्रेट अपने परिचय पत्र के साथ सुबह साढ़े छह बजे उपस्थित होंगे।
मतपेटी की जांच करते हुए मतगणना एजेंट के सामने उसे खोला जाएगा। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को बिंदुवार बताया। यह भी कहा कि अगर किसी को किसी प्रक्रिया में संदेह हो तो उसे समझें और उच्चाधिकारियों को बताएं।
इस मौके पर सीडीओ सत्य प्रकाश, प्रशिक्षु आईएएस निधि बंसल, एडीएम विनय पाठक और एसडीएम नंद प्रकाश मौर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस तरह के मत होंगे अवैध
मतपत्र में कुछ लिखकर पहचान उजागर करने की कोशिश की गई हो।
मतपत्र में हस्ताक्षर या अंगूठा लगाया गया हो।
मतपत्र में शामिल सभी प्रत्याशियों को समान वरीयता दी गई हो।
मतपत्र में सही-गलत या किसी अन्य तरह का निशान लगाया गया हो।