खखरेरू। थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता नाबालिग सगी बहनों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल परीक्षण में बड़ी बहन गर्भवती पाई गई। बड़ी बहन ने आरोपी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।
गांव से 29 दिसंबर को 17 और 14 वर्ष की बहनें लापता हो गई थीं। पिता की तहरीर पर 31 दिसंबर को उनके यहां चालक के रूप में काम करने वाले रक्षपाल के मोहित पांडेय और उसके साथियों राजेश पासवान, अमित पासवान निवासी असोथर तथा गोविंद मेहतर निवासी आलमपुर गेरिया के खिलाफ बहलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस ने दोनों बहनों को खागा रेलवे स्टेशन से बरामद कर चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसमें 17 वर्षीय किशोरी गर्भवती निकली। शनिवार सुबह रक्षपालपुर चौराहे से मोहित पांडेय को गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कोर्ट में आरोपी को पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।