फोटो-25-महिला से पूछताछ करती थरियांव पुलिस। संवाद
थरियांव। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार दोपहर बाइक सवार नकाबपोश बदमाश बुजुर्ग महिला को खेत में घसीट ले गए और करीब दो लाख के जेवर लूट लिए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक कर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
थानाक्षेत्र के दनियालपुर उर्फ कमालीपुर गांव निवासी रामकरण की पत्नी महजनी ने बताया कि राधानगर से दवा लेकर हाईवे पर गांव किनारे टेंपो से दोपहर दो बजे वह उतरी थी। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश महिला के पास पहुंचे। बदमाशों ने उसे कुछ देर तक बातों में उलझाकर रखा। इसके बाद अरहर के खेत में घसीट ले गए। शोर मचाने पर मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी दी।
बदमाशों ने उससे चांदी की पायल, चार चांदी की चूड़ियां, सोने की झुमकी और गले का लॉकेट लूट लिया और धक्का देकर भाग निकले। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज चेक करने में बदमाशों के खागा की ओर से आने का पता लगा है। वारदात करने के बाद बाद खागा की ओर भागे हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। बदमाशों को चिह्नित करने की कोशिश की जा रही है।