सेना में कैरियर बनाने के लिए लालायित अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म। सोमवार भोर पहर औरैया जिले के युवाओं की दौड़ के साथ भर्ती रैली का आगाज होगा। पीएसी मैदान को सैन्य अफसरों की कड़ी निगरानी में चौकस कर दिया गया है। सोमवार से 13 अगस्त तक चलने वाली सेना भर्ती रैली में किस्मत आजमाने के लिए छह जिलों के 50 हजार से ज्यादा युवा सामने होंगे। भर्ती रैली सकुशल संपन्न कराने के लिए गैरजनपदों से तीन सीओ, पांच इंस्पेक्टर, 40 एसआई, सैकड़ा भर सिपाही और तीन कंपनी पीएसी बुलाई गई है। जिले के फोर्स के साथ गैरजनपद से आए फोर्स को भी ड्यूटी प्वाइंट बांट दिए गए हैं।
शहर के पीएसी ग्राउंड में सात जिले औरैया, बांदा, हमीरपुर, गोंडा, फतेहपुर (सदर तहसील), फतेहपुर (बिंदकी-खागा), कन्नौज के युवाओं की सीधी सेना रैली भर्ती के लिए सैन्य अफसरों ने तैयारी पूरी कर ली है। मैदान में दौड़ स्थल, बैरीकेडिंग समेत सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो गई है। औरैया जिले के अभ्यर्थियों की सोमवार की भोर पहर से दौड़ प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। औरेया के अभ्यर्थियों को रविवार की रात करीब दस बजे से ही मैदान में इंट्री चालू कर दी जाएगी। सैन्य अफसर रविवार को पूरे दिन मैदान में पसीना बहाते दिखे हैं। भर्ती डायरेक्टर कर्नल पीडीएस बल बाकी अफसरों के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। कर्नल ने बताया कि औरेया जिले से करीब सात हजार प्रतिभाग करने अभ्यर्थी मैदान में आ सकते हैं। पिछली भर्ती में औरेया के करीब पांच हजार युवा आए थे। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि सात हजार अभ्यर्थी रैली स्थल में आएगे।
इंसेट
शहर का रूट डायवर्जन किया
एएसपी आरपी सिंह ने पीएसी ग्राउंड में होने वाली सेना भर्ती में आने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ के मद्देनजर शहर के मार्गों में वाहनों का रूट डायरवर्जन किया है। नउवाबाग से बांदा सागर मार्ग में को जाने वाले भारी वाहनों को नउवाबाग से चौडगरा की तरफ डायवर्जन किया है। वहीं बांदा सागर मार्ग से राधानगर की ओर आने वाले भारी वाहनों का बहुआ पर ही रोक दिया जाएगा। बहुआ से ललौली रोड की ओर उन वाहनों को डायवर्जन किया जाएगा। इनका बैरियर प्वाइंट नउवाबाग में धर्मकांटे के पास और राधानगर चौराहा रहेगा।
इंसेट
चौबीस घंटे यहां मिलेगी पुलिस ड्यूटी
पुलिस के ड्यूटी प्वाइंट ज्वालागंज, सदर अस्पताल तिराहा, आईटीआई तिराहा, जोनिहा चैराहा, देवीगंज ओवरब्रिज और पटेल नगर चौराहे पर होगा। एएसपी ने बताया कि इन स्थानों पर सेना रैली भर्ती के सभी दिनों पर चौबीस घंटे पुलिस ड्यूटी लगाई गई है। इससे गैरजनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी के
एसपी ने दिए सख्त निर्देश
पुलिस लाइन में एसपी अनीस अहमद अंसारी, भर्ती डायरेक्टर कर्नल पीडीएस बल, एडीएम आलोक सिंह, एएसपी आरपी सिंह ने सारे थानेदारों, एलआईयू, शहर के सभी चौकी इंचार्जों और गैरजनपद से आए पुलिस फोर्स के साथ बैठक की है। बैठक में एसपी ने पुलिस कर्मियों को बताया कि सेना रैली भर्ती में आने वाले प्रतिभागियों की भीड़ को कंट्रोल करने के लिए ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं। हर प्वाईंट पर पुलिस कर्मी लाउडस्पीकर और हथियारों से लैस होकर तैनात रहेगे। ग्राउंड से भर्ती के बाद बाहर जाने वाले प्रतिभागियों को बस स्टैंड और स्टेशन तक कड़ी निगरानी में पहुंचाया जाए। खाने पीने की दुकानों में झुंड नहीं लगने पाए। शहर में ज्वालागंज बसअड्डे, रेलवे स्टेशन और पीएसी ग्राउंड के अंदर पुलिस बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर चौबीस घंटे फोर्स रहेगा। यहां पर प्रतिभागियों को रैली स्थल तक आने जाने की जानकारी पुलिस कर्मी देगे।
इंसेट
डीएम, एसपी ने ग्राउंड का लिया जायजा
डीएम पुष्पा सिंह और एसपी अनीस अहमद अंसारी ने पीएसी ग्राउंड का जायजा लिया है। इसके बाद डीएम एसपी तांबेश्वर मंदिर पहुंचे। सावन के पहले सोमवार में उमडने वाली भीड़ के लिए भी पुलिस फोर्स की व्यवस्था का हाल जाना है।
भर्ती के लिए रेलवे प्रशासन ने कसी कमर
तीन अगस्त से 13 अगस्त तक चलने वाली सेना भर्ती रैली में किस्मत आजमाने के लिए 50 हजार से ज्यादा युवा सामने होंगे। सेना भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने को उमडने वाले युवाओं के हुजूम के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने अलग से टे्रन नहीं दी है, किंतु सेवाएं बेहतर देने के लिए कमर कस ली है। आरपीएफ व जीआरपी के जवानों को अलर्ट किया गया है। फुटओवरब्रिज के बजाय टै्रक से प्लेटफार्म में पहुंचने की प्रथा इस दौरान पूरी तरह से प्रतिबंधित किए जाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। आदर्श रेलवे स्टेशन में अनाधिकृत दखल रोकने के लिए रेलवे ने चेकिंग अभियान सघनता से चलाने का निर्णय लिया है।
इंसेट
खान-पान के स्टाल लगे
सेना भर्ती मेें शामिल होने को आने वाले युवाओं के लिए खान-पान के स्टाल लगने शुरू हो गए हैं। आदर्श रेलवे स्टेशन के आसपास कई खान पान की दुकानें खुल गई हैं। रेलवे स्टेशन से हरिहरगंज नाका की ओर बढने पर फुटपाथ पर दुकानें सजने लगी हैं। रेलवे स्टेशन से सादीपुर नाका रोड पर कई खाली दुकानों में रविवार की दोपहर पूडिय़ां बेले जाने से लेकर आलू उबालने का काम जारी हो गया। आदर्श रेलवे स्टेशन के बाहर पूड़ी सब्जी की दुकान सजाने वाली आशा देवी ने बताया कि युवाओं को बेहतर सेवाएं देने अतिरिक्त लोग काम पर लगाए गए हैं। रेलवे स्टेशन रोड पर होटल चलाने वाले पप्पू जैन ने बताया कि रैली में उमडने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कर्मचारी बुलवाए हैं ताकि थाली परोसने में दिक्कतें न हो पाए।
अभ्यर्थी दलालों से रहें सावधान
भूतपूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति ने सेना भर्ती में दलालों की सक्रियता की आशंका जाहिर की है। समिति ने युवाओं को आगाह करते हुए दलालों से दूर रहने की हिदायत दी। साथ ही समिति ने महिला संगठन को एक स्वतंत्र इकाई का रूप देते हुए महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ने का जिम्मा सौंपा। बैठक में मौजूद समिति के महिला संगठन की अध्यक्ष जागृति तिवारी ने जिले में सोमवार से शुरू हो रही सेना भर्ती में सक्रिय दलालों के प्रति युवाओं को होशियार रहने की बात कही।