बिंदकी। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में हाउस टैक्स बढ़ाने के तरीके पर सभासद भड़क गए। दरअसल, निकाय ने हाउस टैक्स बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, जिसमें प्रति कमरे के हिसाब से हाउस टैक्स वसूली कराए जाने की बात कही गई। इतना ही नहीं, यह भी कहा गया कि अगर मकान में टॉयल्स लगा है तो भवन मालिक से 25 प्रतिशत टैक्स अधिक लिया जाए। यह सुनना था कि सभासद हो हल्ला मचाने लगे। सभासदों का विरोध देखकर प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया।
पालिका के सभागार कक्ष में चेयरमैन मुन्ना लाल सोनकर की अध्यक्षता में बैठक शुरू होते ही हंगामा सा शुरू हो गया। प्रस्ताव पेश किया गया कि स्वकर प्रणाली के तहत एक मकान में जितने कमरे बने होंगे। उन कमरों के प्रति वर्ग फिट को जोड़कर हाउस टैक्स बढ़ाया जाएगा।
यह भी कहा गया कि पूरे मकान में और प्रत्येक कमरे में जो टाइल्स पत्थर लगे होंगे उनके हिसाब से मकान मालिक को 25 प्रतिशत अधिक टैक्स देना होगा। यह प्रस्ताव सुनते ही सभासद भड़क उठे और ऐसा प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया। मांग किया कि प्रति मकान के हिसाब से निर्धारित करके ही टैक्स लिया जाए। केवल कमर्शियल भवन जैसे गेस्ट हाउस, कोचिंग सेंटर, होटल , बैंक, अस्पताल पर यह प्रस्ताव लाया जाए तो ठीक होगा।
बैठक में नगर के कई स्थानों पर नाली सड़क खरंजा बनवाए जाने पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर सभासद शशी पटेल , सुषमा देवी, बेदू गुप्ता, रामजी गुप्ता, जाहिद खान, कमलेश गुप्ता, अनीश खान, डायमंड, दिनेश तिवारी, अतुल द्विवेदी , देवीदीन, इकरार बेग, शमीम खान , विष्णु ओम, कमल किशोर, शकील अहमद उर्फ पुत्तू , सोनू सैनी, राहुल गुप्ता भी मौजूद रहे।