फतेहपुर जिले में मलवां थाना क्षेत्र हाईवे पर मेडिकल कॉलेज के सामने गलत दिशा से आ रहे बाइक सवार शुक्रवार रात अनियंत्रित होकर गिर गए। पुलिस ने बाइक सवारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने मेडिकल कालेज के कर्मी को मृत घोषित कर दिया, दूसरे की हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर किया।
मलवां थाना क्षेत्र के सराय खरगू निवासी मोहन (28) और कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी परमानंद अवस्थी (40) मित्र हैं। मेडिकल कॉलेज में परमानंद पुस्तकालय विभाग में कर्मचारी है। मेडिकल कालेज से रात को दोनों एक बाइक से निकले। तभी हाईवे पर बाइक गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक परमानंद के मलवां कस्बे में रिश्तेदार भी रहते हैं। उन्होंने जिला अस्पताल में शव की पहचान की। थानाध्यक्ष आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि हादसे की परिजनों को सूचना दी गई है।