फतेहपुर। अंदौली गांव में गुरुवार देर रात जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, पथराव के बाद जमकर डंडे चले। विवाद में छह लोग घायल हुए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के अंदौली गांव के जुबैर अहमद पुत्र जुग्गन ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि गुरुवार रात नौ बजे उनका भाई जुनैद अहमद व उसका पुत्र आमिर व पिता जुग्गन तीनों घर में बैठे थे। तभी गांव के शकील पुत्र मेडू, मेडू पुत्र रहीम, मुस्ताक पुत्र सादिक, मुमताज व सरताज पुत्रगण मुस्ताक, मुमताज व इम्तियाज उर्फ मुन्ना पुत्र इसहाक, वसीम पुत्र शमीम लाठी-डंडा लेकर आए और जुनैद को पीटने लगे। बीच-बचाव करने पर आमिर व जुग्गन, अनीस, शकील व मोहम्मद कैफ को बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने धमकी दी कि अगर विवादित जमीन उन्हें नहीं मिली तो पूरा परिवार जान से हाथ धो बैठेगा। उनकी तरफ से मोहम्मद आमिर, जुग्गन, जुनैद व अनीस घायल हुए हैं।
पुलिस ने जुबैर की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इसी क्रम में दूसरे पक्ष से मोईन पुत्र स्व शमीम ने कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि रात दस बजे वह अपने साले सैफ के साथ दरवाजे पर बैठकर बातचीत कर रहा था। तभी गांव के छह लोगों ने लाठी-डंडा लेकर हमला कर दिया और पीट-पीटकर घायल कर दिया। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने उनका इलाज कराया। पुलिस मोईन की तहरीर पर जांच कर रही है। इसमें मोईन व कैफ जख्मी हुए हैं। इंस्पेक्टर कोतवाली सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जमीन के विवाद में झगड़ा हुआ है। प्रकरण की जांच की जा रही है।