फतेहपुर में रक्षाबंधन पर्व से पहले पड़ रही दो दिन की प्रादेशव्यापी बंदी (शनिवार-रविवार) में इस बार जिलाधिकारी ने कुछ छूट दी है। इस बंदी के दौरान राखी और मिठाई की दुकानें खोली जा सकेंगी। डीएम के इस आदेश से दुकानदारों ने खुशी जताई है। लेकिन अन्य दुकानें शनिवार और रविवार को बंद रहेंगी। साथ ही दुकानदारों को सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान दिए जाने को कहा है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार ने शनिवार और रविवार की बंदी कर रखी है। सोमवार को रक्षाबंधन का पर्व है। रक्षाबंधन से पहले दो दिन की बंदी को लेकर दुकानदारों में चिंता थी और डीएम संजीव सिंह से व्यापारियों ने शनिवार और रविवार को दुकानों को खोलने की इजाजत मांगी थी।
इस पर डीएम संजीव सिंह ने बंदी जारी रखने का निर्देश दिया, लेकिन मिठाई और राखी की दुकानों को खोलने की इजाजत दे दी। इस आदेश से दुकानदारों ने खुशी जताई और दुकानों को सजा लिया। हालांकि कंटेनमेंट जोन की वजह से चौक क्षेत्र में राखी और मिठाई की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी। जबकि शहर में सबसे अधिक चौक में राखी की दुकानें लगाई जाती हैं।