कई दिन से तेज धूप के बाद मंगलवार को मौसम ने अचानक पलटी मारी। सुबह एक घंटे तेज बारिश होने के बाद पूरे दिन रुक-रुक बारिश हुई। पूरे दिन लोगों को सूर्य के दर्शन नहीं हुए हैं। वैसे फसलों के लिए बारिश संजीवनी का काम कर रही है। खासकर असिंचित फसलों को फायदा हुआ है। बारिश की बूंद पड़ते ही फसलों का रंग बदल गया है। इसके अलावा शादीपुर चौराहा, मुराइन टोला मोहल्ले में नाली निर्माण होने के चलते जल निकासी की समस्या हुई।
तेज बारिश के बाद धूप न निकलने से ठंड ने फिर पलटी मारी है। लोग दिन भर स्वेटर, जाकेट व अन्य ऊनी कपड़े पहन सड़कों पर दिखे। शहर के शादीपुर चौराहा, मुराइन टोला मोहल्ले में नाली निर्माण होने से बारिश के जल निकासी की समस्या हुई। खुदी पड़ी मिट्टी व पानी से सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गईं।
निर्माणाधीन रोडवेज बस अड्डे में यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिली। लोग खड़ी बसों में छिपकर बारिश से बचते नजर आए। बारिश में बसों से यात्रा करने वाले मुसाफिर यार्ड में भींगते नजर आए। कुछ यात्रियों ने आसपास की दुकानों में बैठकर बारिश से बचाव किए।
वहीं सुबह की तेज बारिश के साथ पूरे दिन हुई बूंदाबांदी से सिंचित व असिंचित फसलों का फायदा हुआ। बारिश का पानी पड़ते ही फसलों का रंग बदल गया है। इस बारिश से अन्नदाता के चेहरे भी खिल गए हैं। किराये पर सिंचाई करने वाले किसानों को काफी फायदा हुआ है।