बहुआ में घर में पंखे का तार लगाते समय गुरुवार रात एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। ललौली थाना क्षेत्र के शंकरपुरवा गांव निवासी स्व. कल्लू का बेटा धनीपाल निषाद (40) रात को खाने के बाद कमरे में सोने पहुंचा था।
फर्राटा पंखा चालू करने के लिए तार बोर्ड में लगाने लगा। बिजली तार कटा होने के कारण हाथ में छू गया। वह करंट की चपेट में आ गया। फर्श गीली और पैरों में भी चप्पल नहीं पहने था। इसी वजह से तार से चिपक गया। कुछ देर बाद परिजन कमरे पहुंचे तो बेहोश पड़ा देख तार हटाकर उसे पीएचसी लेकर पहुंचे।
डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी संपत देवी, मां राजकुमारी का हाल बेहाल हो गया। मजदूर के चार बेटे साजन, छोटू, लवकुश, प्रेमबाबू व एक बेटी अंकिता है। दतौली चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।