बहुआ ललौली थानाक्षेत्र के अढ़ावल के मजरे धनुवन डेरा में शुक्रवार शाम दंपति की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। खराब पंखा ठीक करते समय बिजली आ जाने से हादसा हुआ। पति को बचाने में पत्नी की भी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने पुलिस को हादसे की सूचना नहीं दी है।
धनुवन डेरा गांव निवासी जोगेंद्र निषाद (55) शुक्रवार की शाम अपने घर में पंखा ठीक कर रहे थे। अचानक बिजली आने से पंखे में करंट आ गया और वह चिपक गए। पति को करंट से चिपका देख पत्नी रामजानकी देवी (50) ने बचाने के लिए जोगेंद्र को जैसे ही छुआ वह भी चपेट में आ गई।
बेटे ने पड़ोसियों को बुलाकर किसी तरह दोनों को पंखे से अलग कराया। इसके बाद दोनों को बहुआ पीएचसी लाए, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दंपति की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। दंपति के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा प्रमोद कुमार गोवा में है। छोटा बेटा महेश कुमार पिता के साथ खेती किसान में हाथ बंटाता है। तीन बेटियों में सरोज, पिंकी, रेशमा देवी हैं। अभी तक परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है।