चौडगरा कल्यानपुर थानाक्षेत्र के मुरादीपुर गांव के राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता उजागर पटेल का इकलौता विवाहित बेटा आशु पटेल (28) सोलर मैकेनिक था। वह सरकारी ठेका लेकर सोलर पैनल लगाने का काम करता था।
बुधवार को काम से लौटने के बाद आशु अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसकी चीख पुकार सुनकर परिजन दौड़े तो देखा कि वह कराह रहा था। हालात देखकर उसे परिवार के लोग इलाज के लिए कानपुर ले गए। जहां एक निजी अस्पताल में गुरुवार की सुबह आठ बजे मौत हो गई।
परिजनों ने जहर से मौत की आशंका जताई है। कोरोना जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थानेदार अनूप सिंह ने बताया ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है। घटना के बाद पिता व मां विमला और पत्नी शालिनी बेसुध हो गईं। आशु की तीन साल की बेटी है।