खागा। मानसिक बीमार किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस मुकदमे की जांच के लिए मानसिक रोग विशेषज्ञ की सहायता से पीड़िता के बयान दर्ज कराए हैं।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। मामले में परिजन ने छेड़खानी की बात कही थी, लेकिन विशेषज्ञ की रिपोर्ट के बाद मामला दुष्कर्म में दर्ज किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के परिजन उसे लेकर बीते दिनों कोतवाली आए थे। यहां उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि राजेश उर्फ बुद्दू नाम के युवक ने उनकी मानसिक बीमार बेटी के साथ छोड़छाड़ की है।
पुलिस ने राजेश के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन किशोरी मानसिक बीमार होने के कारण उसके बयान नहीं हो पा रहे थे। विवेचक बिंधेश गिरि ने मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर जिला अस्पताल में तैनात मानसिक रोग विशेषज्ञ से किशोरी को मिलाया।
मनोचिकित्सक ने विधिक प्रक्रिया के तहत किशोरी के बयान लिए। इसमें पाया गया कि उसके साथ छेड़खानी नहीं बल्कि दुष्कर्म हुआ था। बुधवार को पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म की धारा की वृद्धि कर राजेश उर्फ बुद्दूू को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेजा है।