अस्ती में प्रभावित आबादी में बर्तनों में पीने के लिए पानी भरते लोग
- फोटो : FATEHPUR
शहर के गड़रियन पुरवा-अस्ती मार्ग पर मुख्य वॉटर लाइन फटने से करीब 2000 की आबादी में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। पांच दिन से पानी की मोटी धार निकलने से कई बीघे गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है। इसके बावजूद अभी तक नगर पालिका ने इस समस्या का निराकरण कराना मुनासिब नहीं समझा है।
अस्ती समूह पेयजल योजना के समीप गड़रियन पुरवा रोड के समीप सात दिसंबर की रात मुख्य वॉटर लाइन फट गई थी, जिससे छह इंच मोटी पानी की धार निकल रही है। समीप के दो तालाब पानी से लबालब हो गए हैं। इसके बाद खेतों में खड़ी गेहूं की फसल भी डूबने लगी है।
ऐसे में वॉटर लाइन का प्रेशर कमजोर पड़ जाने से करीब 2000 की आबादी में पानी का संकट पैदा हो गया है। जिस क्षेत्र में जलापूर्ति हो रही है, वहां लोग ड्रमों में पानी का स्टाक कर बर्तनों से अपने घर ले जाते हैं। सभासद मो. इरशाद ने बताया कि शुक्रवार को जलकल की टीम आई थी, लेकिन फटी वाटर लाइन के स्थान पर गड्ढा खोदकर चली गई है।
जलकल के अवर अभियंता विजय कुमार का कहना है कि मुख्य वाटर लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। उसे जोडने के लिए नगर पालिका के भंडार गृह में सामान नहीं है। कानपुर से सामान मंगाया गया है। सामान आने के बाद वाटर लाइन की मरम्मत कर दी जाएगी।