विकास भवन के सभागार में माइक्रोआब्जर्वर के प्रशिक्षण में जानकारी देते प्रशिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए मतगणना मंडी समिति में सुबह आठ बजे से होगी। शुक्रवार शाम तक पुलिस व प्रशासनिक अफसर इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे। कुछ ही घंटे में रुझान और दोपहर दो बजे तक परिणाम आ जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. का कहना है कि विजयी प्रत्याशियों के फाइनल हो जाने पर उन्हें जीत के प्रमाणपत्र बांटे जाएंगे। मतगणना स्थल के आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। मतगणना कार्मिकों को हर हाल में सुबह छह बजे मतगणना स्थल पहुंचने के निर्देश हैं। पुलिस ने बांदा-सतना मार्ग पर बैरीकेटिंग कर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। बता दें कि जिले में जहानाबाद, बिंदकी, सदर, अयाहशाह और हुसैनगंज सामान्य सीटें हैं।खागा सुरक्षित सीट।
कुल 59.58 प्रतिशत वोटिंग हुई। मतगणना विधानसभावार 14-14 टेबल पर होनी है। दो-दो टेबल रिटर्निंग आफीसर के पास टेबुलेशन के लिए होंगी। इसके अलावा विधानसभावार पोस्टल बैलेट गिनने का काम दो-दो मतदान कार्मिक करेंगे। उप जिला निवार्चन अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि चुनाव आयोग के अनुरूप तैयारियां पूरी कर ली गईं है। मतगणना कार्मिकों को सुबह छह बजे मंडी समिति के कैंपस में प्रत्येक दशा में इंट्री ले लेनी है। उन्हें वहीं पर ड्यूटी का पता लगेगा।